उसहैत (बदायूं)। थाना क्षेत्र में गढ़िया हरदोपट्टी के नजदीक खाई में ट्रैक्टर पलटने से 26 वर्षीय छत्रपाल की मौत हो गई। छत्रपाल थाना क्षेत्र के गांव सूरी नगला का रहने वाला था।
परिवार वालों के मुताबिक छत्रपाल शनिवार दोपहर अपना ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने गया था। वह शाम के समय खेत जोतकर घर लौट रहा था। इसी दौरान गढ़िया हरदोपट्टी के नजदीक अचानक अगला टायर फटने से ट्रैक्टर असंतुलित होकर खाई में पलट गया। उसके नीचे दबकर युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिवार वाले उसे निकालकर जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। संवाद