उघैती के कमनपुर भूड़ गांव में हादसे के बाद घर के सामने लगी भीड़। संवाद
- फोटो : BADAUN
उघैती (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव कमनपुर भूड़ में छत पर झूलती हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से तीन वर्षीय बालिका हेमलता की जान चली गई। बालिका ननिहाल में छत पर खेलने के लिए चढ़ी थी। इसी दौरान वह लाइन की चपेट में आ गई। परिवार वालों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव खुशहालपुर निवासी अरविंद कुमार की ससुराल कमनपुर भूड़ गांव में है। अरविंद कुमार की तीन वर्षीय बेटी हेमलता पिछले सप्ताह अपनी मां कमलेश के साथ अपने नाना नेत्रपाल के घर आई थी। नेत्रपाल के मुताबिक उनकी छत पर हाईटेंशन लंबे समय से झूल रही है। वह कई बार लिखित में भी इसकी शिकायत कर चुके हैं लेकिन विद्युत विभाग के कर्मचारी अधिकारी सुनने को तैयार नहीं है। न तो लाइन को ऊंचा कराया गया और न ही लाइन हटवाई गई जिसका परिणाम बुधवार को भुगतना पड़ा। उनकी तीन वर्षीय धेवती छत पर खेलने के लिए चढ़ी थी। खेलते खेलते वह अचानक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। उस वक्त लाइन में करंट दौड़ रहा था। इससे बालिका की तुरंत ही झुलसकर मौत हो गई। परिवार वालों ने इस संबंध में पुलिस को भी सूचना नहीं दी है।
उघैती के कमनपुर भूड़ के व्यक्ति की शिकायत आई थी। हमने उच्चाधिकारियों को भेज दी है। अधिकारियों के आदेश पर ही लाइन हटवाई जाएगी। बच्ची मौत की सूचना मेरे पास नहीं आई है।- भूषण त्यागी, एसडीओ इस्लामनगर