उझानी (बदायूं)। हवाई चौक बाजार में बृहस्पतिवार दिन में एक सांड़ ने चिकित्सक डॉ. महेश चंद्र गुप्ता को पटककर लहूलुहान कर दिया। परिवार के लोग उन्हें लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। बाद में इलाज के लिए सैफई लेजाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
साहूकारा मोहल्ला निवासी महेश चंद्र गुप्ता (75) डॉक्टर थे। वह दिन में करीब 11 बजे घर से निकले और हलवाई चौक पहुंचे। यहां पीछे से आ रहे एक सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बचाव के लिए हाथ उठाया तो सांड़ ने फिर से उपर हमला कर दिया, जिससे उनका सिर लहूलुहान हो गया। यह देख मौके पर पहुंचे लोगों ने ईंट-पत्थर फेंक कर सांड़ को खदेड़ दिया लेकिन तब तक डॉ. महेश सड़क पर गिर कर अचेत हो गए। जानकारी पाकर परिवार के लोग भी पहुंच गए। निजी चिकित्सक को दिखाने के बाद परिजन उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बाद में सैफई ले जाते समय रास्ते में कासगंज के पास उनकी मौत हो गई।
-
पालिका सदस्य रह चुके हैं बेटे
वयोवृद्ध चिकित्सक महेश चंद्र गुप्ता पिछले साल तक बसोमा गांव में क्लीनिक चलाते थे। इधर वह कुछ समय से अस्वस्थ थे। उनके एक बेटी और दो बेटों में सबसे बड़े मोहित गुप्ता का निजी व्यापार है। छोटे बेटे सुमित गुप्ता नगर पालिका परिषद के सदस्य रह चुके हैं।
-
पहले भी सांड़ के हमले में लोग गवां चुके हैं जान
नगर समेत आसपास इलाके में छुट्टा घूमने वाले सांड़ कई बार पहले भी लोगों पर हमलावर हो चुके हैं। दो साल पहले अढौली गांव में रिश्तेदारी में आए बुजुर्ग को सांड़ ने खेत में पटक-पटक कर मार दिया था। उसी दौरान मिल कंपाउंड में एक और बुजुर्ग को सांड़ ने निशाना बनाया। उनकी भी मौत हो गई थी। यही नहीं, पिछले साल रेलवे स्टेशन रोड पर सांड़ ने सिपाही अंकुर चौधरी पर हमला कर दिया था। वह तो गनीमत रही जो सिपाही ने तत्परता से छलांग लगा दी फिर भी उनके हाथ में फ्रेक्चर हो गया था। देहात क्षेत्र में सांड़ के हमलों में घायल लोगों की तो काफी लंबी सूची है।