बदायूं। शहर के एक ठेकेदार के साथ मध्य प्रदेश के जोधपुर में मजदूरी करने गए किशोर की वहां करंट लगने से मौत हो गई। ठेकेदार ने परिवारवालों को जानकारी भी नहीं दी सीधे किशोर का शव उसके घर पहुंचा दिया। अब ठेकेदार लापता है।
शहर के मोहल्ला शहवाजपुर में इमली वाली मस्जिद के पास रहने वाले गुड्डू की करीब तीन साल पहले मौत हो गई। परिवार में गुड्डू की पत्नी मुमताज, 18 वर्षीय बेटा परवेज और 16 वर्षीय अरबाज हैं। गुड्डू की मौत के बाद परिवार चलाने के लिए अरबाज और परवेज भी काम धंधा करने लगे। करीब एक महीने पहले अरबाज शहर के खेड़ा नवादा के रहने वाले एक श्रमिक ठेकेदार के साथ मजदूरी करने मध्य प्रदेश के जोधपुर गया था। अरबाज इलेक्ट्रिक वेल्डिंग का काम करता था। सप्ताह भर पहले उसकी वहां मौत हो गई। उसका पोस्टमार्टम भी वहीं हुआ, लेकिन ठेकेदार या फिर संबंधित फैक्ट्री मालिक ने अरबाज के घर पर सूचना नहीं दी। उसका शव घर पहुंचा दिया। अब ठेकेदार लापता है और संबंधित फैक्टरी मालिक के बारे में परिवार को पता नहीं है। अरबाज की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी उनको नहीं मिली है। परिवार वालों ने अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। संवाद