बदायूं। बरेली-मथुरा हाईवे पर राजकीय मेडिकल कॉलेज के सामने बुधवार सुबह ट्राली से दबकर फार्मेसिस्ट गौरव गुप्ता की मौत हो गई। वह बारिश से बचने के लिए एक दुकान के सामने खड़े हो गए थे। तभी अचानक चालक ने ट्रैक्टर-ट्राली को तेजी से पीछे हटाया, जिससे गौरव ट्राली और दीवार के बीच फंस गए।
करीब 27 वर्षीय फार्मेसिस्ट गौरव गुप्ता जरीफनगर थाना क्षेत्र के नाधा गांव के निवासी थे। वह राजकीय मेडिकल कॉलेज में संविदा पर फार्मेसिस्ट पद पर काम कर रहे थे। वह रोज की तरह बुधवार सुबह राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। सुबह करीब साढ़े दस बजे वह किसी कार्य से कॉलेज के बाहर गए। उसी समय अचानक तेज बरसात शुरू होने लगी। इससे वह कॉलेज के सामने मेडिकल स्टोर के बाहर पड़ी टीन में खड़े हो गए। जहां वह मौजूद लोगों से बात कर रहे थे। तभी ट्रैक्टर-ट्राली तेजी से पीछे हटता हुआ आया, जिससे गौरव ट्राली और दीवार में जा घुसा। दीवार और ट्राली के बीच में फंसने से गौरव गुप्ता घायल हो गए, जिससे बेहोश होकर वहीं गिर गए। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत थाना पुलिस को सूचना दी। इससे शेखूपुर चौकी पुलिस पहुंच गई, लेकिन तब तक ट्रैक्टर का ड्राइवर मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर चौकी भेज दिया। फार्मेसिस्ट की मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना पर मेडिकल कॉलेज में शोक छा गया। तमाम कर्मचारियों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर उनके परिवार वालों को सांत्वना दी।
घर के इकलौते बेटे थे गौरव
फार्मासिस्ट गौरव गुप्ता अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी पांच बहनें हैं। उनके पिता खेतीबाड़ी करते हैं। करीब दो साल पहले गौरव की शादी हुई थी। गौरव की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।