सहसवान (बदायूं)। बृहस्पतिवार रात कस्बे में जहांगीराबाद चौराहे के नजदीक एक कंटेनर की टक्कर से महिला की मौत हो गई। जबकि उसका देवर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक कंटेनर लेकर भाग गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कस्बे के मोहल्ला जहांगीराबाद निवासी अर्जुन बृहस्पतिवार रात भाभी कुसुमा (28) पत्नी गोपाल कश्यप की तबीयत खराब होने पर दवा दिलाने बाइक से नयागंज मोहल्ले में एक निजी डॉक्टर के यहां जा रहा था। अर्जुन हेलमेट नहीं लगाए था।
जहांगीराबाद चौराहा पार करने के दौरान बदायूं की ओर से तेज गति में आ रहे कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। कंटेनर की चपेट में आने से कुसुमा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अर्जुन को मामूली चोटें आईं। हादसे की सूचना पर आसपास के लोगों ने कंटेनर रोकने का प्रयास किया लेकिन तब तक चालक कंटेनर लेकर भाग गया। पुलिस ने महिला के देवर की ओर से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। शुक्रवार दोपहर महिला के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया। इंस्पेक्टर पंकज लवानिया ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन को तलाश किया जा रहा है।