बदायूं। सहसवान इलाके में तैनात एक लेखपाल ने भाजपा नेता को जान से मारने की धमकी दी है। इस पर भाजपा नेता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई कराने की मांग की है। हालांकि अभी उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। भाजपा नेता को धमकी देने वाला यह लेखपाल पहले भी विवादित रहा है। पहले भी उसने कई लोगों के साथ फोन पर गाली गलौज की है।
सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव मदारपुर निवासी सतेंद्र कुमार शर्मा ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार को इलाके में सामूहिक विवाह कार्यक्रम था। वह भाजपा के पूर्व नगर मंत्री हैं। कार्यक्रम में वह मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारतीय का स्वागत करने में व्यस्त थे। उसी दौरान इलाके में तैनात लेखपाल ने उनके मोबाइल पर कॉल की और गाली गलौज शुरू कर दी। तहसील परिसर में दिखाई देने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी।
सतेेंद्र कुमार ने बताया कि लेखपाल के भ्रष्टाचार की उन्होंने शिकायत की थी। तब से लेखपाल उनसे रंजिश मान रहा है। उन्होंने शुक्रवार शाम को कोतवाली सहसवान पहुंचकर लेखपाल के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है।
बताते हैं कि पहले भी यह लेखपाल शहवाजपुर के एक व्यक्ति और शिक्षामित्र से फोन पर गाली गलौज कर चुका है। तब भी उसने इन लोगों को देख लेने की धमकी दी थी। लेखपाल क्षेत्र में काफी विवादित है, जिसकी लोग अक्सर शिकायतें अधिकारियों से कर देते हैं। इस पर वह उन्हें फोन पर गाली गलौज कर देता है।
लेखपाल के खिलाफ सतेंद्र कुमार ने तहरीर दी है। लेखपाल ने उनके साथ फोन पर गाली गलौज की है। उन्होंने रिकॉर्डिंग भी सुनाई है। फिलहाल मामले की जांच कराई जा रही है। उसके बाद ही उसके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
राजीव कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर सहसवान