वजीरगंज (बदायूं)। शनिवार दोपहर मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर ग्राम कर्रगांव के पास एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक हेलमेट लगाए था। टक्कर लगने से हेलमेट चकनाचूर हो गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कस्बे के माली मोहल्ला निवासी सुनील (27) पुत्र कन्हैयालाल फूल बेचने का काम करता था। सुनील शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे फूल खरीदने बाइक पर बदायूं जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। बताते हैं कि सुनील दो भाइयों में बड़ा भाई था। उसकी 2010 में शादी हुई थी। उसकी एक वर्षीय बेटी और दो वर्षीय बेटा है। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही युवक के परिवार में कोहराम मच गया। संवाद