उझानी (बदायूं)। नगर में कछला रोड पर बाजार में रविवार देर रात कार ने युवक को रौंद दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार दोपहर में घरवाले शव लेकर कोतवाली गेट पर आ गए। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने कार मालिक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हादसा पुरानी अनाज मंडी मोड़ के पास रात में करीब नौ बजे हुआ। रामलीला नगला निवासी मिथुन गिहार (25) पुत्र स्व. पप्पू शाम को घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला था। रात में नझियाई मोहल्ले के संजीव ने मिथुन को लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा देखा तो कॉल कर एंबुलेंस बुला ली। एंबुलेंस से ही उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया गया। सूचना पर मिथुन के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टरों ने गंभीर हालत मिथुन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव का पोस्टमार्टम कराकर घरवालों को सौंप दिया लेकिन परिजन शव घर ले जाने के बजाय कोतवाली गेट पर लेकर पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें यह कहते हुए समझा दिया कि पहले तहरीर दो फिर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। इसके बाद परिजन मिथुन के शव को घर ले गए। मृतक के भाई मुरारी ने हादसे वाली कार नगर निवासी ट्विंकल की बताई। मृतक की मां लता की ओर से पुलिस ने ट्विंकल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
28 फरवरी को होनी थी मृतक की इकलौती बहन की शादी
उझानी। सड़क हादसे में मिथुन गिहार के परिजनों ने बताया कि उसकी इकलौती बहन ज्योति की शादी 28 फरवरी को होनी है। बहन की शादी के तैयारियों के लिए ही वह रोजाना कुछ न कुछ सामान खरीदकर घर पहुंचा दिया करता था। भाई की मौत से बहन ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल है। मिथुन तीन भाइयों में मझला था।