बदायूं/ककराला। अलापुर क्षेत्र के कस्बा ककराला में सोमवार देर रात एक मोहल्ले में फायरिंग हो गई। इस पर दो लोगों ने एक-दूसरे पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों लोगों से पूछताछ कर रही है। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। ककराला कस्बे के वार्ड नंबर आठ निवासी अनस का आरोप है कि वह सोमवार रात करीब नौ बजे रमरसिया मोहल्ले में गया था। वह अलमदार के घर के सामने से गुजर रहा था कि तभी उसने फायरिंग कर दी। जबकि अलमदार का आरोप है कि अनस ने उसके घर के सामने आकर फायरिंग की। मोहल्ले में अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवेश पाठक मौके पर पहुंच गए और दोनों को थाने ले गए। बताते हैं कि दोनों पक्षों के बीच दो दिन पहले विवाद हो गया था। इस पर मोहल्ले के लोगों ने समझौता करा दिया था। इस संबंध में प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवेश पाठक ने बताया कि अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।