बदायूं। चंदौसी रोड पर सैदपुर कस्बे के पास मंगलवार देर शाम ट्रक और वैगनआर कार की टक्कर में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। दो लोग घायल भी हुए हैं। इनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कादरचौक के गांव प्रेमी नगला निवासी 37 वर्षीय चरन सिंह पुत्र श्रीपाल बिसौली के गांव दिसौलीगंज स्थित अपनी ननिहाल में बीमार नानी को देखने जा रहा था। रास्ते में वजीरगंज थाना क्षेत्र में सैदपुर के पास कार को बिसौली की ओर से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। चरन सिंह चालक के बराबर वाली सीट पर बैठा था। ट्रक की टक्कर इसी साइड में लगी। हादसे में चरन सिंह की मौके पर मौत हो गई। वजीरगंज पुलिस ने घायल हुए 45 वर्षीय चालक प्रेम सिंह और पीछे बैठे 35 वर्षीय जितेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।