बदायूं। मुजरिया थाना क्षेत्र में सहसवान रोड पर कौल्हाई गांव के पास निर्माणाधीन छोकरपुर की पुलिया के पास बाइक सवार तीन लोगों को रोडवेज बस ने रौंद दिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक मय बस के भाग निकला। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
छोकरपुर निवासी 25 वर्षीय शीलेंद्र उर्फ छोटे पुत्र अजयपाल, 40 वर्षीय मेघनाद पुत्र हीरे और 28 वर्षीय कमलेश पुत्र तुलसी गांव मेवड़ी से शनिवार रात दावत खाकर लौट रहे थे। इनमें केवल शीलेंद्र हेलमेट लगाए था। वही बाइक चला रहा था। यह लोग छोकरपुर की पुलिया के पास पहुंचे तभी बदायूं से दिल्ली की ओर जा रही रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में शीलेंद्र उर्फ छोटे की मौके पर मौत हो गई, जबकि कमलेश और मेघनाथ गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। हालांकि, पुलिस अज्ञात वाहन से हादसा होने की बात कह रही है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हादसा रोडवेज बस से हुआ है। शीलेंद्र के शव का रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।