उझानी (बदायूं)। उझानी-बदायूं मार्ग पर शुक्रवार शाम एक बाइक घोड़ा-बुग्गी से टकरा गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। हादसे में बालिका समेत दो लोग घायल हो गए। उनमें से कोई हेलमेट नहीं लगाए था। चालक घोड़ा-बुग्गी लेकर मौके से भाग गया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ग्राम नौशेरा निवासी खचरपाल (25) पुत्र रामभरोसे और मुलायम सिंह (24) पुत्र नेकसू छह वर्षीय सजनी पुत्री दयाराम के साथ शुक्रवार को बाइक पर उझानी आए थे। यहां से तीनों लोग देर शाम नौशेरा लौट रहे थे। उस समय कोई हेलमेट भी नहीं लगाए था। तभी रास्ते में ग्राम वसोमा के निकट सामने से आ रहे घोड़ा-बुग्गी से टकरा गए। इससे घोड़ा बुग्गी चालक के हाथ-पैर फूल गए। वह मौके से घोड़ा बुग्गी लेकर भाग गया। बाद में उधर से गुजरे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जिससे पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया, जहां डॉक्टर ने खचरपाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उसके शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। बाकी मुलायम सिंह और सजनी को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।