फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कछला गंगाघाट पर किशोर समेत सात युवक बहे, तीन लापता, तलाश में जुटे गोताखोर

विज्ञापन
विज्ञापन

कार्तिक पूर्णिमा पर अलग-अलग स्थानों पर हुआ हादसा, गांव सिकंदराबाद के निवासी हैं तीनों युवक

उझानी (बदायूं)। कछला गंगाघाट पर गंगास्नान करते समय किशोर समेत सात युवक बह गए। इनमें चार को तो गोतखोरों ने सकुशल खोज निकाला लेकिन तीन का पता नहीं लग पाया। लापता दो युवक एक ही गांव के हैं। जानकारी पाकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और अपने गोताखोरों की टीम को खोजबीन में लगा दिया।
विज्ञापन

गंगाघाट पर रेल पुल के पश्चिमी छोर पर दो बाइक सवार किशोरों समेत चार युवक पहुंचे। मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव सिकंदराबाद निवासी अबीर सिंह (15) पुत्र परमाल सिंह, रूप सिंह (20) पुत्र महावीर सिंह, वेदवीर (15) पुत्र नत्थूसिंह और अमित राज उर्फ शिवाकर (14) पुत्र राकेश कम भीड़भाड़ वाले स्थान पर स्नान करने लगे। इसी दौरान रूपसिंह बहने लगा तो तीनों साथी उसे बचाने की कोशिश में बढ़ते चले गए। पास में मौजूद अन्य स्नान कर रहे लोगों ने शोर मचाया तो गोताखोर और पुलिस कर्मी भी दौड़ आए। उन्होंने मशक्कत करके अमित को बाहर निकाल लिया लेकिन अबीर, रूपसिंह और वेदवीर का सुराग नहीं लग पाया। इसकी भनक लगते ही उनके परिजन भी गंगाघाट पर पहुंच गए। उन्होंने भी पड़ोस के गांव से अपने परिचित गोताखोरों की टीम को बुला लिया। तीनों की तलाश में गोताखोरों ने अपराह्न में गहराई वाले स्थान पर जाल डालकर तलाशी अभियान भी चलाया पर देर शाम तक गोताखोरों और पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई।
इसके अलावा कासगंज जिले में सोरों निवासी श्यामपाल (17) पुत्र नरेश और उसका दोस्त शिवम (18) निवासी मिरहची जिला एटा ट्रैफिक पुल के पास नहाते समय बह गए। उस समय पास में नाव पर मौजूद गोताखोरों ने गंगा में छलांग लगाकर दोनों को सकुशल बाहर निकाल लिया। गोताखोर दोनों युवकों को घाट पर ही लेकर पहुंचे थे कि नजदीक में ही सोरों कोतवाली क्षेत्र के कसबा नगरिया निवासी देवेंद्र (25) भी गंगा की तेज धार की चपेट में आकर बहने लगा। उसे भी बाहर निकाल लिया गया। देवेंद्र को होश में आने में करीब 15 मिनट लगे।
विज्ञापन


एक ही कुनबे के हैं किशोर समेत तीनों युवक
उझानी। गंगास्नान के समय बहे मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव सिकंदराबाद निवासी किशोर समेत तीनों युवक एक ही कुनबे के हैं। अबीर सिंह गांव में राजकीय इंटर कॉलेज में 10वीं में पढ़ता है तो वेदवीर बिल्सी के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में आठवीं का छात्र है। रूप सिंह ने पिछले साल ही बीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण की लेकिन वह इस समय कंप्यूटर की कोचिंग ले रहा है। लापता तीनों के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। वेदवीर की मां तो घाट पर ही बेहोश हो गई। सिकंदराबाद की प्रधान के बेटे अजय तोमर ने बताया कि जलस्तर अधिक होने की वजह से खोजबीन में दिक्कत आ रही है।

सिकंदराबाद निवासी युवक जिस स्थान पर गंगा स्नान करने पहुंचे, वहां गहराई अधिक होने के साथ आसपास में टीले भी हैं। प्राइवेट गोताखोरों को खोजबीन में लगाया गया है। पुलिस कर्मी भी मौके पर मौजूद हैं। खोजबीन में कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
विज्ञापन

- विनोद कुमार चाहर, प्रभारी निरीक्षक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें