फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसों ने छीन लीं त्योहार की खुशियां, पिता-पुत्र समेत पांच की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। जहां एक तरफ भैया दूज हंसी खुशी के साथ मनाया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों ने पांच लोगों की मौत ने कुछ परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। इन परिवारों को जब हादसों की सूचना मिलीं तो वहां चीख-पुकार मच गई। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर एक रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपती और उनके तीन बच्चों को टक्कर मार दी, जिसमें पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे पूर्व सैदपुर के नजदीक दो बाइक आपस में टकरा गईं, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और उसकी पत्नी समेत तीन लोग घायल हो गए। इधर, दातागंज में दो बाइक टकरा गईं, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसी क्रम में ब्यौली के ग्राम प्रधान अभिषेक सिंह (25) की सड़क हादसे में मौत हो गई। अभिषेक सिंह क्षेत्र में सबसे कम उम्र के प्रधान थे। इससे उनके परिवार में कोहराम मच गया है।
विज्ञापन

सिलहरी। वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पुसगवां निवासी हरिओम (35) पुत्र द्वारिकी दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। वह अपने परिवार के साथ दीपावली के त्योहार पर घर आया था। मंगलवार को पत्नी सुषमा (30), बेटे अंशू (5), प्रियांशु (8) और बेटी मीनाक्षी (7) के साथ बाइक पर भैैया दूज कराने सिविल लाइंस क्षेत्र के ग्राम गुरुपुरी विनायक स्थित ससुराल आ रहा था। उस वक्त हरिओम हेलमेट लगाए था। रास्ते में उसकी बाइक ग्राम सिलहरी के नजदीक पेट्रोल पंप के सामने पहुंची थी कि तभी बदायूं से मुरादाबाद जा रही पीतलनगरी डिपो की रोडवेज बस ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में दंपती और उनके तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह देखकर एकत्र हुए लोगों ने पुलिस को सूचना दी। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां हरिओम और उसके बेटे अंशू की मौत हो गई, जबकि बेटी मीनाक्षी को हालत देखकर बरेली रेफर कर दिया गया। त्योहार पर दो मौतों से परिवार और ससुराल में मातम पसर गया। सुषमा और प्रियांशु का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वजीरगंज। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिंदारा निवासी प्रीतम सिंह (30) पुत्र सियाराम मंगलवार को अपनी पत्नी कविता (25) और बेटी शगुन (2) के साथ भैयादूज करने ससुराल अलापुर क्षेत्र के ग्राम उनौला जा रहा था। रास्ते में हाईवे पर नदवारी की पुलिया के नजदीक अचानक सामने से आई तेज रफ्तार बाइक उसकी बाइक से टकरा गई। इस हादसे में प्रीतम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कविता और उसकी बेटी शगुन के अलावा दूसरी बाइक पर सवार वीरेश यादव (38) पुत्र नंदकिशोर निवासी मानपुर बिसौली गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। उसके बाद पुलिस ने प्रीतम के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। प्रीतम की मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के वक्त प्रीतम हेलमेट लगाए था, जबकि वीरेश हेलमेट नहीं लगाए था।
विज्ञापन

दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बराही निवासी भूरे सिंह (45) मंगलवार देर शाम कपड़ों पर प्रेस करवाकर बाइक पर सुखौरा तिराहे से लौट रहे थे। रास्ते में पेट्रोल पंप के नजदीक सामने से आ रही बाइक टकरा गई, जिसमें भूरे की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार टिटौली निवासी श्रीराम, उसकी पत्नी खुशबू व दो साल की बेेटी घायल हो गए। उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने भूरे के शव को पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी भेज दिया है। दोनों ही बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।

गंभीरता से लेता डॉक्टर तो बच जाते बाप-बेटे
परिवार वालों का आरोप है कि हरिओम और उसके बेटे अंशू की जान बचाई जा सकती थी। उन्हें साढ़े 11 बजे जिला अस्पताल लाया गया था। उनकी हालत काफी गंभीर थी। हरिओम का लगातार खून बह रहा था, लेकिन उसका उपचार तो दूर डॉक्टर ने उसे देखने तक की जहमत नहीं उठाई। डॉक्टर मारपीट में घायल लोगों के मेडिकोलीगल करने में लगा रहा। एक घंटे तक दोनों इमरजेंसी में तड़पते रहे। इस पर परिवार वालों ने हंगामा कर दिया। कुछ लोगों ने जाकर डीएम से भी शिकायत की। तब कहीं डॉक्टर ने उन्हें देखा। तब तक हरिओम और उसके बेटे अंशू की मौत हो गई।

बाइक की टक्कर से जिले के सबसे कम उम्र के प्रधान की जान गई
वजीरगंज (बदायूं)। मंगलवार रात ब्यौली के ग्राम प्रधान अभिषेक सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। अभिषेक सिंह क्षेत्र में सबसे कम उम्र के प्रधान थे। इससे उनके परिवार में कोहराम मच गया है। उनका शव स्वास्थ्य केंद्र पर रखवा दिया गया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम ब्यौली निवासी अभिषेक सिंह (25) पुत्र सुभाष सिंह दो भाइयों में बड़े थे। इस समय वह ग्राम प्रधान थे। उन्होंने क्षेत्र में सबसे कम उम्र में प्रधान बनकर पहचान बनाई थी। बताते हैं कि अभिषेक सिंह मंगलवार राम बाइक लेकर अपने मकान पर वजीरगंज आ रहे थे। रास्ते में किसी बाइक ने उनको जोरदार टक्कर मार दी। इससे अभिषेक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और परिवार वाले उन्हें प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां कोई चिकित्सक नहीं होने पर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव स्वास्थ्य केंद्र में रखवा दिया गया है। अगले महीने नौ नवंबर को अभिषेक की लगन थी और 30 नंबवर को शादी होनी थी। प्रधान की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताते हैं कि अभिषेक हेलमेेट नहीं लगाए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें