उझानी (बदायूं)। बदायूं-दिल्ली हाईवे पर शनिवार देर शाम दो कार आपस में टकरा गईं, जिसमें एक कार चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरी कार सवार लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है।
दिल्ली के प्रेमनगर निवासी दीपक (30) पुत्र ओमप्रकाश कार से कुछ यात्रियों को छोड़ने बदायूं आया था। वह शनिवार देर शाम लौट रहा था। तभी दिल्ली-बदायूं हाईवे पर मुजरिया थाना क्षेत्र के ग्राम वसावनपुर के पास सामने से आ रही टाटा सूमो से उसकी कार टकरा गई। इस हादसे में चालक दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। टाटा सूमो में कई लोग बैठे थे, उनके चोटें नहीं आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं चालक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने किसी तरह उसके परिवार वालों को सूचना दी। बाद में युवक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। देर रात तक चालक के परिवार वाले जिला अस्पताल नहीं पहुंच सके थे।