गुलड़िया (बदायूं)। दातागंज-बदायूं रोड पर सोमवार शाम सराय गांव के पास एक टैंकर ने टेंपो में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे टेंपो सड़क पर पलट गया। हादसे में बच्चों समेत करीब 10 लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव उतरना निवासी छत्रपाल सोमवार शाम अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार से परिवार के साथ शाहजहांपुर से गांव लौट रहे थे। सभी लोग टेंपो में सवार थे। बताते हैं कि उनका टेंपो दातागंज-बदायूं रोड पर गांव सराय के पास पहुंचा था कि तभी पीछे से आ रहे टैंकर ने टेंपो को टक्कर मार दी। उसके बाद चालक टैंकर को दौड़ा ले गया। वहीं टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में छत्रपाल (30), उनकी पत्नी पूजा (28), बेटा तनुज (5), बेटी वर्षा (3), मां मुन्नी (60), अमरजीत (25), जूली (22) पत्नी अमरजीत, उनका बेटा राजीव (5) और बेटी बरखा (3) समेत टेंपो चालक रिंकू (22) घायल हो गया। परिवार वाले सभी लोगों को गुलड़िया के प्राइवेट चिकित्सक के पास ले गए। छत्रपाल की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें शहर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दातागंज (बदायूं)। सोमवार शाम कोतवाली क्षेत्र में समरेर-झुकसा के बीच एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सादुल्लागंज निवासी विजयपाल और उनकी पत्नी नीरज, तीन बच्चे और महला निवासी मुकुला देवी पत्नी सुखलाल घायल हो गए। सभी घायलों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।