म्याऊं (बदायूं)। शनिवार को म्याऊं ब्लॉक क्षेत्र में खेत पर गए किसान को सांड़ ने उठाकर पटक दिया। जिससे किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार वाले उसे शहर के प्राइवेट अस्पताल ले गए हैं।
ग्राम नगरिया चिकन निवासी नेकसू ठेके पर जमीन लेकर काश्तकारी करते हैं। शनिवार को वह अपनी बाजरे की फसल देखने के लिए खेत पर गए थे। उसी समय छुट्टा पशुओं का एक झुंड खेत पर आ गया। किसान ने डंडा लेकर पशुओं को खेत से निकालने का प्रयास किया। तभी एक सांड़ ने किसान पर हमला बोल दिया। उसे अपने सींगों पर उठाकर जमीन पर पटक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उसकी चीखपुकार सुनकर पहुंचे अन्य किसानों ने जैसे-तैसे छुट्टा पशुओं को खेत से भगाया। इसकी सूचना पर परिवार वाले भी पहुंच गए। वह किसान को शहर के प्राइवेट अस्पताल ले गए। किसान की हालत चिंताजनक बनी हुई है। ब्यूरो