बदायूं। गुरुवार देर शाम उझानी और वजीरगंज क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरी का नगला निवासी सत्यपाल (28) पुत्र नेकसू शुक्रवार शाम बाइक पर पत्नी प्रीती (25) के साथ अपनी ससुराल कर्रगांव वजीरगंज जा रहा था। सत्यपाल हेलमेट नहीं लगाए था। रास्ते में जखौलिया मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में सत्यपाल की मौत हो गई। जबकि प्रीति गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को जिला अस्पताल ले गई। सत्यपाल के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है, वहीं प्रीति को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। इधर, उझानी कोतवाली क्षेत्र में वितरोई मोड़ के पास एक ई-रिक्शा और बाइक में जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें एटा के महेरा गांव निवासी महादेव (50) पुत्र निरंजन की मौत हो गई। पुलिस ने उसके भी शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। फिलहाल यह पता नहीं चला है कि महादेव बाइक पर था या ई-रिक्शा में सवार था। पुलिस ने उसके परिवार वालों को सूचना दे दी है।