बदायूं। शनिवार शाम कछला से जल लेकर लौट रहे एक कांवड़िये की खेड़ा नवादा चौकी के नजदीक ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर मौत हो गई। उधर, उझानी क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर गांव बुटला के पास बाइक सवार ने दो कांवाड़ियों को टक्कर मार दी, जिसमें विनावर के खुनक निवासी गुड्डू (20) ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।
सिलहरी। बरेली जिले में आंवला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डरूआपुर निवासी सुरेंद्र (35) पुत्र रामगोपाल अपने गांव के दर्जनों लोगों के साथ राकेश के ट्रैक्टर से कछला जल भरने गए थे। उनका जत्था शनिवार शाम कछला से जल लेकर लौट रहा था। सुरेंद्र ट्रैक्टर और ट्रॉली के बीच में बैठे हुए थे। खेड़ा नवादा पुलिस चौकी से निकलकर आंवला मोड़ पर पहुंचते ही अचानक सुरेंद्र को नींद आ गई, जिससे सुरेंद्र नीचे जा गिरे और ट्रॉली से कुचल गए। इस दौरान ट्रॉली पर डीजे बज रहा था। इससे अन्य कांवड़ियों को पता ही नहीं चला। ट्रॉली के पीछे चल रहे कांवड़ियों ने सुरेंद्र की हालत देखी तो सन्न रह गए। वह तुरंत सुरेंद्र को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर और सिविल लाइंस इंस्पेक्टर ओपी गौतम पहुंच गए। उन्होंने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कांवड़िये के शव का रात में ही पोस्टमार्टम कराया गया।
उझानी। बरेली मथुरा हाईवे पर गांव बुटला के पास अज्ञात बाइक सवार ने दो कांवाड़ियों को टक्कर मार दी, जिसमें विनावर के खुनक निवासी गुड्डू (20) पुत्र मुकेशपाली और सर्वेन्द्र (20) धर्मपाल घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां गुड्डू की मौत हो गई।
बाइक की टक्कर से कांवड़िया घायल, हंगामा
बदायूं। बरेली जिले के विशारतगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खंड़वा निवासी ओमपाल (30) अपने जत्थे के साथ कछला से जल भर लौट रहा था। रास्ते में बरेली हाईवे पर बिनावर क्षेत्र के ग्राम घटपुरी के पास उसे एक बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे कांवड़िया घायल हो गया। इससे आक्रोशित कांवड़ियों ने हाईवे पर हंगामा कर दिया। सूचना पर एसओ हरिभान सिंह राठौड़ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कांवड़ियों को समझा बुझाकर शांत किया। उसके बाद घायल कांवड़िया को इलाज के लिए भेज दिया। कांवड़िया की ओर से बाइक सवार हिमांशु निवासी घटपुरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।