बदायूं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ब्रज प्रांत के 66वें प्रांत अधिवेशन में सोमवार को शहर पूरी तरह छात्रशक्ति के रंग में रंगा नजर आया। दो महत्वपूर्ण सत्रों के संपन्न होने के बाद, परिषद की ओर से एक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इसने पूरे शहर में राष्ट्रवाद और छात्र एकता का संदेश दिया। शोभायात्रा का शुभारंभ शहर के प्रसिद्ध हरिप्रसाद मंदिर से हुआ। गाजे-बाजे के बीच कार्यकर्ताओं का हुजूम शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरा। पुष्पवर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली गई इस यात्रा का समापन इंद्रा चौक पर हुआ।
इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा के समापन स्थल पर खुला अधिवेशन आयोजित किया गया। इस मंच से छात्र नेताओं ने समसामयिक और गंभीर विषयों पर अपने विचार रखे। राष्ट्रीय मंत्री क्षमा शर्मा ने अपने संबोधन में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवा शक्ति को सबसे महत्वपूर्ण आधार स्तंभ बताया। प्रदेश मंत्री आनंद कठेरिया ने शिक्षा के वर्तमान परिदृश्य का गहरा विश्लेषण किया। प्रांत सह मंत्री पायल गिहार ने महिला सशक्तीकरण के मुद्दे पर भाषण दिया।
इस मौके पर इस मौके पर प्रांत प्रचार प्रसार प्रमुख जगदीश, विभाग कार्यवाह जगजीवन राम, विश्वजीत गुप्ता, रजनी मिश्रा, मनोज नीखरा, विपिन गुप्ता , भूपेंद्र सिंह, अंशुल श्रीवास्तव, अनुज ठाकुर, अंकित पटेल, सत्यम मिश्रा,विजयपाल सोलंकी, आशीष देव मिश्रा, अक्षित शाक्य समेत 16 जिलों से आई युवा टीम मौजूद रही।
प्रस्ताव सत्र में पारित हुए तीन प्रस्ताव
विद्यार्थी परिषद के अधिवेशन के प्रस्ताव सत्र सत्र में शिक्षा,पर्यावरण व स्वदेशी को बढ़ावा देने के लिए में तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित हुए। इसमें पहला प्रस्ताव प्रवेश परीक्षा और परिणामों में व्याप्त अनियमितताओं पर अंकुश लगाएं। दूसरे में पर्यावरण एवं जल संकट के समाधान हेतु आगे आए व तीसरा स्वदेशी अर्थव्यवस्था में योगदान देने हेतु संकल्प लें युवा शक्ति। यह तीन प्रस्ताव सर्वसम्मति से प्रांत अध्यक्ष सौरभ सेंगर ने पारित किए।
-
समाज परिवर्तन के वाहक बने युवा : प्रांत प्रचारक
अधिवेशन के भाषण सत्र में आरएसएस के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र ने विद्यार्थी परिषद के 16 जिलों से आए युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए युवा शक्ति की निर्णायक भूमिका पर जोर दिया और छात्र तरुणाई को सामाजिक पुनरुत्थान के लिए प्रेरित किया।
लोगों ने किया शोभायात्रा का स्वागत
विद्यार्थी परिषद की शोभायात्रा का स्थानीय लोगों व विद्यार्थी परिषद के पूर्व कार्यकर्ताओं एवं नगर के गणमान्य लोगों ने स्वागत किया। लाबेला चौक पर नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, एसके कॉलेज पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य आशीष शाक्य, इंद्रा चौक पर एमएलसी वागीश पाठक समेत आदि ने शोभायात्रा का फूलों से स्वागत किया।