बदायूं। आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शिक्षाविद व पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी राजस्व त्रिभुवन को दिया।
ज्ञापन में कहा गया है कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण अनशन कर रहे सोनम वांगचुक व उनके समर्थकों के खिलाफ पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं की आवाज को सरकार तक पहुंचाने के लिए पार्टी आगे भी जनहित के मुद्दों पर आंदोलन जारी रखेगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष भूदेव सिंह, आदित्य गुप्ता, जितेंद्र राठौर, बृजेश पाल, हरिओम, जरीना बेगम आदि मौजूद रहे। संवाद
कांग्रेस ने दिल्ली में विद्यार्थियों पर लाठी फटकारने की निंदा की
बदायूं। कांग्रेस ने दिल्ली में संसद मार्च कर रहे विद्यार्थियों-युवाओं पर पुलिस के लाठी फटकारने की कड़ी निंदा की है। जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने बयान जारी कर कहा कि नीट पेपर लीक होने से 22 लाख विद्यार्थियों के साथ धोखा हुआ, लेकिन प्रधानमंत्री चुप हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की। संवाद
जंतर-मंतर पर छात्रों पर बल प्रयोग की निंदा
बिल्सी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने की घटना की समाजवादी पार्टी के नेता उदयवीर सिंह शाक्य एवं कांग्रेस के युवा नगराध्यक्ष आदित्य माथुर सोनू ने कड़ी निंदा की है।
उदयवीर सिंह शाक्य ने जारी बयान में कहा कि लोकतंत्र में छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान संवाद और संवेदनशीलता के माध्यम से किया जाना चाहिए। आदित्य माथुर ने मांग की है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि कहीं भी छात्रों के साथ अन्याय हुआ है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संवाद