मालवीय आवास पर आयोजित जिलास्तरीय सम्मेलन में मौजूद आंगनबाड़ी। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। अखिल भारतीय आंगनबाड़ी कर्मचारी महासभा का 10 वां जिला स्तरीय सम्मेलन बृहस्पतिवार को मालवीय आवास पर हुआ। इसमें मुख्य अतिथि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलाब सिंह रहे। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, मानदेय भी जल्द बढ़वाया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि तीन जनवरी तक मुख्यमंत्री आंगनबाड़ी का मानदेय दस हजार कर दें तो ठीक है वरना जो सरकार आंगनबाड़ी को सम्मानजनक मानदेय देगी, उसी पार्टी की सरकार प्रदेश में राज करेगी।
उत्तराखंड से आए प्रदेश संरक्षक महावीर सिंह ने कहा कि अन्य प्रदेशों की तरह प्रदेश सरकार के लिए भी दस हजार रुपये मानदेय करना चाहिए, क्योंकि जो भी काम आंगनबाड़ी से कराया जा रहा है, वह लगभग 50 हजार रुपये वेतन लेने वाले अधिकारी भी नहीं कर पाएंगे। मंडल अध्यक्ष मोरश्री गुप्ता ने कहा कि इस समय चुनावी माहौल है अगर आचार संहिता लगने से पहले सरकार ने मानदेय न बढ़ाया तो वोट की चोट की जाएगी।
जिलाध्यक्ष राजेश सक्सेना ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी से काम लेना जानती है, लेकिन मानदेय बढ़ाने के नाम पर केवल वादे ही करती है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी आदीश मिश्रा ने कहा कि जिला स्तरीय समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जाएगा। इस मौके पर तरुण वर्मा, निर्मला देवी, मंजू वर्मा, ममता जोशी, नीलम अवस्थी, संजू, अनिता, रेखा सिंह, महेश कुमारी चौहान ने भी विचार रखे। संचालन दिनेश यादव ने किया। संवाद