मृतक रूपेश कुमार शर्मा ( फाइल फोटो)
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। दिल्ली हाईवे पर कूड़ा फेंकने के लिए सड़क पार करते समय एलआईसी अभिकर्ता रूपेश कुमार शर्मा को रौंद दिया। यह देख ग्रामीणों ने कार को घेर लिया। ड्राइवर को दबोचने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया। नाजुक हालत में घायल को लेकर उनके परिजन राजकीय मेडिकल कॉलेज में पहुंचे लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
हादसा बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे हुआ। कोतवाली क्षेत्र के गांव हजरतगंज निवासी एलआईसी अभिकर्ता रूपेश कुमार शर्मा (45) पशुशाला का कूड़ा और गोबर डालने के लिए घर से निकले। सड़क पार करते समय उन्हें पीछे से तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया।
वह अगले पहिये की चपेट में आ गए। उनका सिर लहूलुहान हो गया। हादसे के बाद जुटे घायल रूपेश को निजी वाहन से लेकर परिवार के लोग पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। इसके बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए। मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज शुरू हो पाता, उससे पहले ही मौत हो गई। हादसे के दौरान ग्रामीणों ने कार को घेर लिया। ड्राइवर को भी पकड़ लिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को ड्राइवर को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक कार दिल्ली की है। उसे नगर निवासी लोग बुकिंग कर दिल्ली से लौट रहे थे। मृतक के भाई हरीबाबू की तहरीर पर ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। हरीबाबू ने बताया कि मृतक रूपेश के तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी राधा, उससे छोटी मानसी है। सूरज (13) सबसे छोटा बेटा है। हादसे के बाद से पत्नी नीरू शर्मा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। मृतक के परिवार के लोग नगर में भी रहते हैं। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने रूपेश का शव उनके परिवार के हवाले कर दिया है। संवाद