कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के हरहरपुर गांव में होली मिलन के दौरान एक युवक के साथ मारपीट कर घायल करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के हरहरपुर गांव निवासी कुंवरपाल पुत्र वेदराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार मार्च की शाम करीब सात बजे वह गांव में होली मिल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही गेंदनलाल, शेर सिंह और विमला ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर तीनों ने उसके साथ मारपीट कर दी और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके सिर में भी चोटें आईं। उसने यह भी बताया कि आरोपी उससे पुरानी रंजिश रखते हैं। पहले भी कई बार परेशान कर चुके हैं। थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। संवाद