कुंवरगांव। थानाक्षेत्र के गांव कल्लिया काजमपुर में प्रेमिका के घर घुसे युवक की पिटाई के मामले में नया मोड़ आ गया है। युवक के भाई ने थाने में अपने भाई की पिटाई के आरोप में नौ नामजद सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में कहा है कि उनका भाई अपने दोस्त के साथ गांव में गया था। जहां आरोपियों ने बेरहमी से उसको मारा-पीटा और जान से मारने की धमकी दी थी। मामला 18 अगस्त का है।
उघैती थानाक्षेत्र के गांव शरह बरौलिया निवासी प्रदीप अपने दोस्त रंजीत के साथ कुंवरगांव थानाक्षेत्र के गांव कल्लिया काजमपुर में पहुंचा था। यहां पर वह अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। प्रेमिका के घर में घुसते ही उसके परिवार वालों ने प्रदीप और रंजीत को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई की थी।
मौके पर प्रदीप का दोस्त रंजीत भाग निकला था, जबकि प्रदीप को परिवार वालों ने गांव वालों के सहयोग से पकड़कर खूब पिटाई की थी। मंगलवार को प्रदीप के भाई कुलदीप शर्मा की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जिसमें कहा है कि उनका भाई प्रदीप शर्मा अपने दोस्त रंजीत के साथ कल्लिया काजमपुर में गया था। जहां सुबह में 10 बजे आरोपियों ने घेरकर प्रदीप शर्मा और उसके दोस्त के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने गांव कल्लिया काजमपुर के भूपेंद्र, बलवंत, मोरपाल, अंकित, सुलेंद्र, जगत, संजीव, धर्मवीर, भानु सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।