बिनावर। थाना क्षेत्र के गांव अंबियापुर में चल रहे एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान कुर्सी पर बैठने को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित के शिकायती पत्र पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी अभिषेक ने बताया कि 15 फरवरी की रात गांव के शिव मंदिर पर आयोजित शिवरात्रि मेले और श्रीमद्भागवत कथा कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रात करीब 10 बजे जब अभिषेक पंडाल में कुर्सी पर बैठा था, तभी गांव के ही कुंवरपाल पुत्र नेत्रपाल ने उससे जबरन कुर्सी छीन ली।
उसने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कुंवरपाल के साथ उमेश पुत्र नेत्रपाल और नेत्रपाल पुत्र अनेकपाल भी वहां आ गए। इन तीनों ने मिलकर अभिषेक को गालियां दीं और उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान अभिषेक के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और उसके होंठ व मुंह पर भी चोट लगी है। जाते समय आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के समय गांव के ही पान सिंह और अंकित सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। पीड़ित अभिषेक ने 16 फरवरी को थाना बिनावर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।