उझानी। रेलवे स्टेशन के आउटर के पास ट्रेन में सफर के दौरान पैर फिसलने से युवक गिर पड़ा। यात्रियों के शोर मचाने पर ट्रेन को भी रोक लिया गया। जीआरपी ने गंभीर रूप से घायल युवक को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
हादसा बुधवार शाम करीब चार बजे उझानी स्टेशन के आउटर के पास हुआ। ट्रेन से युवक के गिरने का शोर मचा तो गार्ड ने चालक को कॉल की। ट्रेन रुकते ही गार्ड ने स्टेशन से जीआरपी को बुला लिया। लहूलुहान युवक ने खुद को दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव बेलाडांडी का पिंटू (30) पुत्र श्रीपाल बताया। जीआरपी ने उसकी जेब में मिले पर्चे पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों को भी सूचना भिजवा दी। जीआरपी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में लाकर पिंटू को प्राथमिक उपचार कराया। सिर और आंख के पास चोट अधिक होने की वजह से पिंटू अपने बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे पाया। यात्रियों ने गार्ड को बताया कि पिंंटू ट्रेन के पायदान पर बैठ गया था। चिकित्साधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि पिंटू के सिर में गंभीर चोट है। उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।