उझानी। बंदरों के हमले से बचने की कोशिश में 35 वर्षीय नरेश कुमार सीढि़यों पर पैर फिसलते ही आंगन में गिर गए। उन्हें गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घायल नरेश कोतवाली क्षेत्र के गांव ननाखेड़ा के निवासी हैं। परिवार के लोग उन्हें लेकर रविवार सुबह करीब नौ बजे सीएचसी पहुंचे। परिजन ने स्वास्थ्य कर्मियों को बताया कि नरेश सुबह छत पर अकेले थे। इसी दौरान पड़ोस से दो-तीन बंदर कूदकर उनकी छत पर आ गए।
घुड़की देते हुए बंदर नरेश की ओर बढ़े तो जीने की सीढि़यों की तरफ पैर जाते ही फिसल गया। सीढि़यों से लुढ़कते हुए वह नीचे आंगन में आकर गिर गए। नरेश के सिर समेत पैरों में भी चोट आईं हैं। चिकित्साधीक्षक डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि नरेश की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। संवाद