बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव बुधआई निवासी अशोक (22) पुत्र अमर सिंह की बाइक को शुक्रवार रात करीब दस बजे कासगंज के गांव सुल्तानपुर के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह अपनी बहन की शादी के कार्ड बांटने गया था। मौत की सूचना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
परिजनों ने बताया कि वह अपनी बहन अंजली की शादी का निमंत्रण कार्ड देने के लिए कासगंज के सिद्धपुरा थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर जा रहा था। गांव के पास ही किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे भर्ती कराया और रिश्तेदार समेत परिवार के लोगों को सूचना दी। बताया कि रात करीब दो बजे उसकी मौत हो गई।
कासगंज पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराने के बार परिवार को सौंप दिया। शनिवार देर शाम परिजन शव लेकर घर पहुंचे। गांव में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मृतक के भाई मोरपाल ने बताया कि छोटा भाई अशोक बहन अंजली की शादी के कार्ड बांटने बाइक से आया था। अंजली की शादी 14 फरवरी को जनपद एटा के थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव टिकटपुर निवासी संतोष के पुत्र गोपाल के साथ होनी है। शादी के घर में जहां मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां कोहराम से गांव के लोग भी परेशान हो गए। अशोक की मौत की खबर से भाई मोरपाल, बहन श्वेता सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अशोक के बड़े भाई की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है।
अशोक का फाइल फोटो।