बदायूं। ट्यूबवेल पर करंट लगने से युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
उसहैत थाना क्षेत्र के गांव बिरिया डांडा निवासी प्रेमचंद (30) पुत्र दोदराम खेती किसानी करके अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। सोमवार सुबह करीब नौ बजे वह घर से मूंगफली की फसल देखने खेत पर गये थे। रविवार रात हुई बारिश की वजह से ट्यूबवेल के बॉक्स में करंट उतर आया था। प्रेमचंद ने जैसे ही बॉक्स पर हाथ रखा, उन्हें करंट लग गया। करंट के झटके से वह बेहोश हो गए। आसपास के खेत में काम कर रहे लोगों ने घर पर सूचना दी, इसके बाद परिवार के लोग रोते हुए मौके पर पहुंचे और आनन -फानन में उनको जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां पर डॉक्टर ने प्रेमचंद को मृत घोषित कर दिया। प्रेमचंद चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उनके एक बेटा और एक बेटी है। पत्नी व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।