मृतक मोरपाल का फाइल फोटो। स्त्रोत परिवार द्वारा
बिल्सी। कछला-शाहबाद हाईवे पर गांव दिधौनी के ईंट-भट्टे के पास शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके चाचा घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव मुरावन नगला निवासी मोरपाल (20) पुत्र नेकराम अपने चाचा नीर सिंह के साथ बिल्सी क्षेत्र के गांव बेहटा गुंसाई में दावत खाने गया था। रात में दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर स्थित दिधौनी पेट्रोल पंप के निकट सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल भेजा, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें बरेली के निजी अस्पताल रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान मोरपाल की मौत हो गई, जबकि नीर सिंह का इलाज जारी है।
सोमवार सुबह मृतक के परिवार के लोग मोरपाल का शव को लेकर बिल्सी सरकारी अस्पताल पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्राइम इंस्पेक्टर वीके मौर्य ने बताया कि हादसे में घायल युवक का इलाज चल रहा है। जिस कार से हादसा हुआ है उसको कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।