अलापुर। एमएफ हाईवे पर कांवड़ियों और व्यापारियों की बाइकों की भिंड़त में एक व्यापारी युवक की मौत हो गई। तीन कांवड़िया और एक व्यापारी समेत चार युवक घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
दुर्घटना शनिवार देर रात थाना क्षेत्र के गांव खरखोली के पास की है। थाना क्षेत्र के कस्बा सखानू निवासी जूता-चप्पल कारोबारी यश उर्फ आकाश गुप्ता (22) पुत्र दिनेश गुप्ता और मोबाइल रिपेयर की दुकान संभाल रहे विपिन (30) पुत्र महेश एक ही बाइक से बदायूं गए थे, देर रात घर लौट रहे थे। उधर, सामने से आ रही बाइक पर जगत से कछला कांवड़ लेने जा रहे शिवम, सूरज और एक अन्य युवक थे। खरखोली के पास दोनों बाइकों में भीषण टक्कर हो गई। इसमें यश उर्फ आकाश गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में विपिन, शिवम, सूरज और एक अन्य युवक घायल हो गए।
मृतक के भाई शिवम गुप्ता ने बताया कि बदायूं से लौटते समय उनका भाई यश और उसका साथी विपिन रास्ते में बाइक एक साइड कर कांवड़ का डीजे देखने रुके ही थे कि सामने से तेज रफ्तार आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के संबंध में किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी है। सीओ अशेषनाथ सिंह ने बताया कि दोनों बाइकें पुलिस ने कब्जे ले ली हैं, तहरीर प्राप्त होने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।