उसहैत। दो दिन पहले गृह कलह में बुजुर्ग महिला ने धतूरा खा लिया। हालत बिगड़ी तो परिजन ने रात में उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान रविवार रात उनकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज ने थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमॉर्टम कराया।
क्षेत्र के गांव दियोरिया निवासी छत्रपाल की 52 वर्षीय पत्नी लज्जावती की किसी बात को लेकर 15 फरवरी की शाम परिजनों से कहासुनी हो गई। इसी के चलते रात करीब 11 बजे उन्होंने धतूरा खा लिया। हालत बिगड़ी तो परिवार के लोग उनको मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां उनको भर्ती करा दिया गया।
16 फरवरी की रात और 17 फरवरी की सुबह करीब पांच बजे इलाज के दौरान लज्जावती की मौत हो गई। मौत के बाद परिवार में खलबली मच गई। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने थाना उसहैत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना पुलिस ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर शव पोस्टमॉर्टम को भेज दिया।