बिल्सी में कछला-शाहबाद हाइवे पर पलटा पड़ा ट्रक। संवाद
बिल्सी। कछला-शाहबाद हाईवे पर सोमवार को घने कोहरे के कारण मक्का से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक और हेल्पर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं सड़क पर मक्का बिखर जाने से यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक एटा से मक्का भरकर संभल की ओर जा रहा था। मुजरिया थाना क्षेत्र के फैतुल्लाहगंज गांव के पास अचानक घना कोहरा छा जाने से चालक को आगे का रास्ता दिखाई नहीं दिया, जिससे ट्रक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक चालक अमित कुमार और हेल्पर बाबू सिंह घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल भिजवाया।
ट्रक पलटने से उसमें भरा मक्का सड़क पर फैल गया, जिससे हाईवे पर कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा। वहीं ट्रक को भी काफी नुकसान पहुंचा है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात सुचारू कराने के साथ ही मामले की जानकारी जुटाई। घने कोहरे के चलते इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। संवाद