हादसे के बाद लगे जाम में परिजनों को समझाते दातागंज एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह। संवाद
गंलड़िया। भेड़ चराकर लौट रहे युवक को ट्रक ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव के लोग मौके पर आ गए और ट्रक चालक को पकड़ लिया। उन्होंने चालक को पीटा। पुलिस ने चालक को बचाकर थाने पहुंचाया गया। साथ ही ट्रक भी घटनास्थल से हटवाकर थाने पहुंचा दिया। गुस्साए परिजनों ने गांव वालों के साथ सड़क पर जाम लगा दिया। एसडीएम दातागंज ने कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब कहीं एक घंटे के बाद जाम खुल सका। इस दौरान वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मूसाझाग थानाक्षेत्र के गांव भैरो नगला के रहने वाले बलवीर सिंह पाल उर्फ भूरे (35) भेड़ पालन कर परिवार का पालन पोषण कर रहे थे। बुधवार रात करीब आठ बजे वह भेड़ चराकर लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव के पेट्रोल पंप के पास पहुंचे कि तेज रफ्तार ट्रक ने बलवीर को कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हाे गई। सूचना पर पहुंचे गांव सराय पिपरिया और भैरो नगला के ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। ट्रक चालक को मौके पर ही पकड़ कर पीटने लगे। पुलिस ने किसी तरह चालक को बचा कर थाने पहुंचा। इसके बाद पुलिस जाम खुलवाने की कोशिश करने लगी तो भीड़ उग्र हो गई। सूचना पर एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कठोर कार्रवाई व शासन से किसान दुर्घटना बीमा का लाभ दिलाए जाने का आश्वासन दिया गया। उसके बाद जाम खुल सका। रोड पर करीब एक घंटे तक जाम रहा। जाम में फंसे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। थाना अध्यक्ष मान बहादुर सिंह ने बताया ट्रक से कुचलकर युवक की मौत हो गई थी, लोगों ने जाम लगा दिया था जाम एसडीएम ने खुलवा दिया। शव पोस्टमॉर्टम को जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। ट्रक व चालक हिरासत में है।
हादसे के बाद लगे जाम में परिजनों को समझाते दातागंज एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह। संवाद