बदायूं। सोमवार शाम रेड अलर्ट के बीच करीब 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आई आंधी ने खूब तबाही मचाई। शहर के गद्दी चौक पर पाकड़ का भारी भरकम पेड़ टेंपो पर गिरने से एक युवती की जान चली गई। वहीं, शहर के कई क्षेत्रों में पेड़ बिजली लाइनों पर गिर गए। इससे विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। कचहरी परिसर में पेड़ गिरने से 11 केवीए की लाइन टूटने के साथ बिजली का खंभा झुक गया। इससे आसपास की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। विद्युत निगम के कर्मचारी लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे हैं।
आंधी में पनवड़िया इलाके में एक पुराना पेड़ जड़ से उखड़कर एलटी लाइन पर गिर गया। इससे कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। अधिशासी अभियंता नीरज ने बताया कि सप्लाई बहाल करने के लिए कर्मचारी पेड़ हटाने का काम कर रहे हैं। लाइनों की मरम्मत का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। यदि मौसम ठीक रहा तो लाइन को जल्दी ठीक कर सप्लाई शुरू करा दी जाएगी। इधर, कचहरी रोड पर जिला अस्पताल के पास लाइन पर गिरे पेड़ को जेसीबी से हटाया गया।
उसावां क्षेत्र में पेड़ गिरने से बिजली लाइनें हुईं क्षतिग्रस्त
उसावां। आंधी-बारिश में कई पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गए। इस कारण तीन फीडरों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। जलालाबाद ग्रामीण फीडर पर नबीगंज के पास नीम का पेड़ लाइन पर टूटकर गिरा। ग्राम अकबरपुर में नीम का पेड़ जड़ समेत उखड़कर लाइन पर गिर गया। उसके पास बंधे मवेशी बाल-बाल बच गए। लकड़ी का खोखा व हैंडपंप भी क्षतिग्रस्त हो गया। लाइनें टूट गईं। इसके अलावा अलापुर ग्रामीण फीडर का हाईटेंशन लाइन का खंभा टूट गया। इस कारण लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। तीनों फीडरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली कर्मचारी क्षतिग्रस्त हुई लाइनों पर पेट्रोलिंग कर लाइनों को ठीक करने में जुटे हैं।
पेड़ों की टहनियां टूटकर लाइनों पर गिरीं
दबतोरी। आंधी में सड़क किनारे पेड़ों की डालें टूटकर गिर गईं। इससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं अलापुर/जगत क्षेत्र में हुई बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई। खेतों और खलिहानों में धूप में सूख रही मक्का की फसल बचाने के लिए तिरपाल से ढकना पड़ा। किसानों का कहना है कि पिछले कई दिनों से मक्का की फसल सुखाई जा रही थी। बारिश शुरू होने से मक्का भीग गई। संवाद
उसावां-ककराला लाइन में फॉल्ट से बिजली गुल
ककराला। तेज हवा और आंधी के कारण उसावां-ककराला 33 केवी लाइन में फॉल्ट आ गया। इसके चलते ककराला कस्बे में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली न होने से पूरा कस्बा अंधेरे में डूब गया। आंधी में उसावां से ककराला आने वाली मुख्य 33 केवी लाइन पर पेड़ की टहनी गिरने से तार टूट गए। लाइन में फॉल्ट आने के बाद 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र ककराला से जुड़े सभी 11 केवी फीडर ट्रिप कर गए। संवाद
कचहरी रोड पर गिरे पेड़ को जेसीबी से हटाया गया। संवाद
कचहरी रोड पर गिरे पेड़ को जेसीबी से हटाया गया। संवाद