घर में लगी आग को देखते परिवार के लोग। संवाद
- फोटो : नगर पालिका संभल
बदायूं। शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गई। इससे लाखों का नुकसान हो गया। सूचना के बाद भी एक घंटे तक दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में आसपास के लोगों ने खुद ही आग पर काबू पाया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जामा मस्जिद के पास सोमवार सुबह बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षक सादिक अली के घर में आग लग गई। आग छत पर बने एक कमरे में लगी, जिससे आसपास के क्षेत्र में धुआं फैल गया। परिजनों ने बताया कि आग की शुरुआत छत के कमरे में रखे बिजली उपकरणों से हुई, जिससे शॉर्ट सर्किट की आशंका है। आग तेजी से फैली और कमरे के भीतर रखा सारा घरेलू सामान जल गया। मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। उन्होंने बाल्टी और पाइप से पानी डालकर लपटों को काबू करने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता अधिक थी। आग लगने की सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची।तब तक मोहल्ले के लोगों ने आग पर काबू पा लिया। परिजनों के अनुसार करीब छह लाख रुपये नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।