बदायूं। मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेसवे पर अब रफ्तार के साथ सुविधाएं भी आकार लेने लगी हैं। जिले के वनकोटा, घटपुरी और डहरपुर इंटरचेंज से गुजरने वाले वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वहीं वनकोटा के पास बन रहा आधुनिक विश्राम गृह यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होने जा रहा है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर वनकोटा इंटरचेंज, जो मुरादाबाद मार्ग के पास विकसित हो रहा है, विश्राम गृह अब यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। यहां पेट्रोल पंप का संचालन शुरू हो चुका है, जबकि रेस्तरां और आराम कक्ष की सुविधा जल्द शुरू होने की संभावना है। इस परिसर में साफ-सुथरे शौचालय, सुरक्षित पार्किंग, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, वाहन सेवा केंद्र, ड्राइवर ढाबा और ईवी चार्जिंग स्टेशन जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
टोल फ्री का असर, हर घंटे 300 से अधिक गुजर रहे वाहन
जिले के तीनों इंटरचेंज से इस समय प्रति घंटा 300 से अधिक वाहन गुजर रहे हैं। इनमें करीब 80 प्रतिशत यात्री वाहन हैं, जबकि शेष भारी मालवाहक वाहन शामिल हैं। टोल प्लाजा कर्मचारियों के अनुसार, 29 अप्रैल अपराह्न एक बजे से 5 मई अपराह्न एक बजे के बीच 22 हजार वाहन एक्सप्रेसवे से गुजर चुके हैं। बता दें कि अभी 15 मई तक कोई टोल शुल्क नहीं वसूला जाएगा। सभी वाहनों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा रहा है।
यात्रियों के अनुभव, सफर हुआ तेज, सुगम और आरामदायक
गंगा एक्सप्रेसवे पर सफर कर रहे माधव कुमार समस्तीपुर, बिहार निवासी ने बताया कि पहले लंबा समय लगता था, अब सफर काफी आसान और तेज हो गया है। सड़क बहुत अच्छी बनी है। रीना देवी निवासी वाराणसी ने बताया कि अगर विश्राम गृह की सुविधा शुरू हो जाए तो सफर और आरामदायक हो जाएगा, खासकर परिवार के साथ यात्रा में काफी मदद मिलेगी। अंकित शर्मा निवासी मेरठ ने कहा, टोल फ्री होने से अभी ट्रैफिक तेजी से बढ़ा है। एक्सप्रेसवे पर ड्राइव करना बेहद सुरक्षित लग रहा है। शाहिद अली निवासी प्रयागराज ने बताया कि बीच रास्ते पर पेट्रोल पंप और आगे रेस्तरां की सुविधा मिलने से लंबी दूरी के ड्राइवरों को काफी राहत मिलेगी।
तीनों टोल प्लाजा पर 15 मई तक नहीं लगेगा शुल्क
जिले के वनकोटा, घटपुरी और डहरपुर टोल प्लाजा पर फिलहाल टोल वसूली नहीं की जा रही है। 15 मई तक छूट दी गई है, लेकिन हर गुजरने वाले वाहन का पूरा ब्योरा दर्ज किया जा रहा है। टोल फ्री की घोषणा के बाद से ही वाहनों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे साफ है कि आने वाले समय में यह एक्सप्रेसवे क्षेत्र के लिए यातायात की मुख्य धुरी बनने वाला है।
पुलिस ने भी बढ़ाई निगरानी
गंगा एक्सप्रेसवे पर पुलिस ने भी निगरानी तेज कर दी है। जिले से निकले पूरे 92 किलोमीटर के दायरे में पुलिस की सक्रियता लगातार जारी है। दातागंज कोतवाल वेदपाल सिंह ने सोमवार देर रात डहरपुर टोल प्लाजा पहुंचकर सुरक्षा का जायजा लिया। बता दें कि इसी जगह पर तीन दिन पहले एक कार छुट्टा मवेशी से टकरा गई थी। इस हादसे के बाद पुलिस ने यहां सक्रियता बढ़ा दी है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर वनकोटा के पास बनाया जा रहा विश्रामग्रह। संवाद
गंगा एक्सप्रेसवे पर वनकोटा के पास बनाया जा रहा विश्रामग्रह। संवाद