बिनावर। थाना क्षेत्र के गांव सिकरोडी में रविवार को उस समय तनाव का माहाैल हो गया, जिस समय गांव के ही एक झोलाछाप ने भड़काऊ पोस्ट अपनी फेसबुक आईडी पर पोस्ट की। ग्रामीणों ने पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव सिकरोडी के रहने वाले एक झोलाछाप ने वीडियो में कहा कि आई लव मोहम्मद के नाम पर मुसलमानों पर मुकदमे हो रहे हैं। बोला- मैं आई लव मोहम्मद के नाम पर करोड़ों बार जेल जाने को तैयार हूं। कहा जो भी व्यक्ति मोहम्मद से प्रेम करता है वह इस वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें और अराजक तत्वों से निपटने को तैयार रहें। गांव के हिंदू समुदाय के लोगों ने बताया वह झोलाछाप है।
गांव में क्लीनिक चलाता है। वह खुराफाती है, गांव में बने टावर पर इस्लामिक झंडा लगाने का प्रयास किया था, जिसे गांव के हिंदू समुदाय के लोगों ने विरोध करते हुए रुकवा दिया था। मामले की जानकारी पर पुलिस तत्काल गांव पहुंच गई और भड़काऊ वीडियो वायरल करने वाले युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया युवक ने वीडियो वायरल करके भड़काऊ वीडियो बनाया था, जिससे माहौल खराब हो सकता था। उसे हिरासत में लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सीएम योगी की आपत्तिजनक फोटो पर नाबालिग तलब
दातागंज। हजरतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के नाबालिग ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इसे साइबर सेल ने संज्ञान में लिया। थाने में आई सूचना के बाद पुलिस ने इस नाबालिग को तलब किया है। बताते हैं कि नाबालिग दिल्ली में दर्जी का काम करता है। पुलिस ने उसके परिजनों को हिदायत दी है कि उसे बुलाकर तत्काल थाने में पेश करें। हालांकि उसने पोस्ट हटा ली है। संवाद