बदायूं। सीजेएम न्यायालय में कुंवरगांव एसओ समेत चार पुलिस कर्मियों पर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए प्रार्थनापत्र दाखिल किया गया है। सीजेएम ने इस मामले की रिपोर्ट के लिए एसएसपी को पत्र भी भेजा है। इसमें सुनवाई पांच अप्रैल को होगी।
कुंवरगांव थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने न्यायालय में दायर याचिका में आरोप लगाए हैं कि छह मार्च को उसकी पुत्री को एक युवक बहलाकर ले गया था। इस संबंध में उसने थाना प्रभारी और हल्का इंचार्ज को लिखित में तहरीर दी, लेकिन उस पर कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की। थाना पुलिस द्वारा उसकी बेटी को तलाशने के लिए उससे ही गाड़ी मंगाई गई, जिसका खर्चा भी उसने किया।
थाना पुलिस ने उसकी बेटी को बरामद तो कर लिया, लेकिन आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। आरोप है कि उसकी पुत्री को महिला कांस्टेबल द्वारा अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा गया। तहरीर लेकर हल्की धाराओं मुकदमा लिख लिया गया, जबकि उसने लिखित में कोई और तहरीर दी थी। याचिका में थाना पुलिस पर कई अन्य आरोप भी लगाए है।
याचिका ने एसएसपी को इस संबंध में प्रार्थना पत्र दिया था। इस पर कार्रवाई न होने पर उसने न्यायालय की शरण ली है। इस पर न्यायालय ने इस मामले में रिपोर्ट तलब की है। इस पर सुनवाई पांच अप्रैल को होगी। संवाद