बदायूं। शहर में बढ़ती जनसंख्या के साथ पेयजल की मांग लगातार बढ़ रही है। भविष्य में पानी की समस्या से निपटने के लिए नगर पालिका ने नए ओवरहेड टैंक के निर्माण की योजना तैयार की है। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस टंकी का निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू किए जाने की तैयारी है।
शहर क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में आबादी तेजी से बढ़ी है। जिसके चलते मौजूदा जलापूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। कई मोहल्लों में गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। ऐसे में नई टंकी बनने से जल भंडारण क्षमता बढ़ेगी और शहरवासियों को नियमित व पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। जल निगम के जेई मोहम्मद हुसैन ने बताया कि परियोजना के तहत निर्माण स्थल का चयन कर लिया गया है। यह ओवरहेड टैंक वाटर वर्क्स में बनाया जाएगा। साथ ही अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।