सिलहरी। दहेमी गांव में एक बंदर का आतंक प्रशासन पर भारी पड़ रहा है। पिछले 21 दिनों से ग्रामीण खौफ के साये में जिंदगी गुजार रहे हैं। बंदर के हमले के डर से लोग अकेले घरों से निकलने से बच रहे हैं। शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बंदर ने खेत पर शकरकंद की रखवाली कर रहे प्रज्ञात पटेल (20) पर हमला कर उन्हें काट लिया।
दहेमी गांव में अब जरूरी काम से बाहर जाना भी हो तो ग्रामीणों को लाठी-डंडे लेकर समूह में निकलना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ा है। अभिभावकों ने डर के चलते बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया है। ग्रामीणों ने बंदर को पकड़वाने के लिए मथुरा से विशेष टीम बुलाई थी।
टीम के सदस्यों ने गांव पहुंचकर बंदर को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि शनिवार को दोबारा टीम पहुंचेगी और बंदर को पकड़ लिया जाएगा, लेकिन पूरे दिन कोई टीम गांव नहीं पहुंची। इससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई। लोगों का कहना है कि जब तक बंदर पकड़ा नहीं जाता, तब तक गांव में सामान्य स्थिति बहाल होना मुश्किल है।
-
अब दूसरी टीम बुलाने की तैयारी
मथुरा से आई टीम के असफल रहने के बाद अब प्रशासन दूसरी टीम को बुलाने की तैयारी कर रहा है। प्रशासन की कोशिश है कि किसी अनुभवी टीम को बुलाकर बंदर को जल्द पकड़ा जाए, ताकि लोगों को उसके आतंक से छुटकारा मिल सके। ग्रामीण सुरेश, महेश का कहना है कि बंदर बेहद आक्रामक है और सामने आने वाले लोगों पर हमला कर देता है। ऐसे में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा डरे हुए हैं।
डंडा लेकर गांव में पहुंची शिक्षिका
बंदर के खौफ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शनिवार को गांव में जरूरी काम से पहुंची शिक्षिका ऋतु को भी सुरक्षा के लिए डंडे का सहारा लेना पड़ा। बदायूं निवासी शिक्षिका ऋतु सिकरापुर में पढ़ाती हैं। शनिवार को वह किसी जरूरी काम से दहेमी गांव आई थीं। इस दौरान वह अपने स्कूल से एक बच्ची को स्कूटी पर बैठाकर साथ लाई थीं। सुरक्षा को देखते हुए शिक्षिका ने डंडा भी अपने पास रखा। गांव में काम निपटाने के बाद वह बच्ची को लेकर डंडे के साथ वापस लौट गईं।
-
बंदर पकड़ने के लिए जो टीम आई वह मथुरा से थी, लेकिन वह उसको पकड़ने में विफल रही। ऐसे में दूसरी टीम को बुलाया जाएगा, जो बंदर को पकड़ सके। -मानवेंद्र सिंह, एडीएम प्रशासन
बदायूं के ब्लॉक सालारपुर के गांव दहेमी में बंदर से बचने के लिए शिक्षिका अपने साथ एक बच्चे क