बदायूं। मूसाझाग थानाक्षेत्र के गांव किसरुआ के पास बुधवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से मानसिक रूप से कमजोर युवक की मौत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह युवक का शव सड़क किनारे मिला।
दातागंज कस्बे के मोहल्ला छोटी कॉलोनी निवासी जहीरुल का बेटा मोहम्मद आमिर (33) मानसिक रोगी था। पिता ने बताया उन्होंने बेटे को बड़े सरकार की दरगाह पर रूहानी इलाज के लिए रख रखा था। बुधवार देर रात वह बड़े सरकार की दरगाह से किसी तरह निकल आया। इसके बाद वह दातागंज रोड से घर की तरफ पैदल ही आने लगा। इसी बीच मूसाझाग थानाक्षेत्र के गांव किसरूआ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे आमिर की मौके पर ही मौत हो गई। देर रात तक युवक सड़क के बीचो-बीच पड़ा रहा। बृहस्पतिवार तड़के राहगीरों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। एसओ मानबहादुर सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।