बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के कस्बा रुदायन में मामूली विवाद में तीन लोगों की पिटाई का मामला सामने आया है। स्कूटी सवार एक युवक ने तीन व्यक्तियों को सरेराह दौड़ाकर पीट दिया। मामला 15 फरवरी अपराह्न करीब दो बजे का बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब इसका वीडियो सामने आया है। हालांकि इस वीडियो के सत्यता की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
सहसवान निवासी अब्दुल सलाम अपने दो साथियों के साथ रुदायन कस्बे से होकर गुजर जा रहे थे। इसी दौरान वार्ड नंबर आठ रुदायन निवासी अक्षय कुमार उर्फ छोटू स्कूटी पर पीछे से आया और हॉर्न बजाया। रास्ता न देने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोपी अक्षय कुमार ने गाली-गलौज करते हुए तीनों पीड़ितों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बीच सड़क पर हुए इस हंगामे से मौके पर अफरातफरी मच गई। तीनों पीड़ितों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक को मारपीट करते और पीड़ितों को भागते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने मामले में चोट पहुंचाने और मारपीट करने से संबंधित धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस्लामनगर के थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने बताया कि आरोपी अक्षय कुमार उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है।