सहसवान। थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद के चलते हरे-भरे पेड़ों को नष्ट करने का मामला सामने आया है। गांव हिण्डौर के एक किसान ने अपने ही गांव के व्यक्ति पर आरोप लगाया है कि उसने रंजिश के चलते न केवल आम के पेड़ों को काटा, बल्कि बाकी बचे पेड़ों को सुखाने के लिए उनकी जड़ों में तेजाब डाल दिया।
पीड़ित ताहिर अली ने बताया कि उनकी पत्नी नासरा के नाम ग्राम अलेहदादपुर धोबई में भूमि गाटा संख्या 705 स्थित है। इस जमीन को लेकर गांव के ही पुत्तन के साथ काफी समय से विवाद चल रहा है, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह 16 सितंबर 2025 की सुबह करीब सात बजे अपने खेत पर पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गया।
करीब ढाई साल पुराने सात आम के पेड़ कटे हुए जमीन पर पड़े थे। हैरानी की बात यह थी कि हमलावरों ने बाकी बचे चार पेड़ों को भी नहीं बख्शा और उनकी जड़ों में तेजाब डाल दिया ताकि वे सूख जाएं। घटना के समय मौके पर मौजूद साजिद और राशिद ने बताया कि उन्होंने पुत्तन को पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाते और तेजाब डालते हुए देखा था।पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक यशपाल सिंह को जांच दी है।