उझानी (बदायूं)। बरेली-मथुरा हाईवे पर गांव बुटला बोर्ड के पास शुक्रवार दोपहर सवा दो बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर एक कांवड़िया की मौत हो गई। इससे गुस्साए कांवड़ियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को डीजे सिस्टम समेत आग लगा दी। फिर चालक व उसके साथी को पेड़ से बांधकर जमकर पीटा। अन्य कांवड़ियों के साथ भी मारपीट की गई। इससे छह कांवड़िया घायल हुए हैं। दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। इससे हाईवे पर दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। तीन थानों की पुलिस फोर्स व पीएसी बल ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण किया है। डीएम-एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बरेली जिले के भुता थानाक्षेत्र के गांव भगवानपुर के 25-30 कांवड़िया बदायूं के कछला घाट से जल लेकर घर लौट रहे थे। यह सभी कांवड़िया बरेली-मुथरा हाईवे पर बुटला बोर्ड गांव के पास सड़क किनारे आराम करने लगे। इसमें भगवानपुर का कांवड़िया अंकित कुमार (16) पुत्र नरेंद्र अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली के आगे सड़क किनारे लेटा हुआ था। तभी कछला की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने खड़ी ट्राली में पीछे से टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर ट्रॉली का पहिया अंकित के ऊपर चल चढ़ गया। अंकित की मौके पर ही मौत हो गई।
जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली से हादसा हुआ, उसमें बरेली के नवाबगंज थानाक्षेत्र के गांव दादी खेड़ा के 20 से अधिक कावंड़िया सवार थे। अंकित की मौत होते ही उसके साथी कांवड़िया आक्रोशित हुए। गुस्साए कांवड़ियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को घेरकर उसमें आग लगा दी। ट्रैक्टर-ट्रॉली से उतरकर भागे कांवड़ियों को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया।
दादी खेड़ा निवासी ट्रैक्टर चालक लल्ला बाबू पुत्र मोहन लाल व उसके साथी जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव पुन्नापुर निवासी ललित कुमार पुत्र चेतराम को पेड़ से बांधकर जमकर लाठी डंडों से पीटा गया। ट्रैक्टर ट्रॉली में आग लगने से उसमें रखा एलपीजी सिलिंडर तेज धमाके का साथ फट गया। इससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। इससे हाईवे पर दो घंटे तक जाम लगा रहा। परिजनों ने बताया कि अंकित हाईस्कूल का छात्र था। वह इकलौता बेटा था।
-
- अपनी ही ट्रैक्टर टॉली के आगे सड़क किनारे कांवड़िया अंकित लेटा हुआ था। इस दौरान पीछे से आई कावड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। ट्रैक्टर का पहिया चढ़ने से अंकित की मौत हो गई। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. ब्रजेश सिंह, एसएसपी