बदायूं। डीएम अवनीश राय ने शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुलिस, परिवहन, नगर पालिका परिषद, लोक निर्माण विभाग सहित कई विभागों की समिति गठित की है, जो सर्वे करके रिपोर्ट देगी कि जाम की समस्या कैसे हल की जा सकती है।
कलक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में डीएम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित अन्य अधिकारियों के साथ बृहस्पतिवार की शाम बैठक कर शहर में जाम की समस्या दूर करने के संबंध में सुझाव मांगे। डीएम के संज्ञान में लाया गया कि शहर में लगभग 950 बाहरी बसें आती हैं, जो शहर से होकर गुजरती है, इसके अलावा जनपद में 170 रोडवेज व 107 प्राइवेट बसें हैं, जो शहर से आती-जाती हैं।
इन सभी बसों के आने और जाने की वजह से शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है। इस समस्या को दूर करने के लिए डीएम ने पुलिस, परिवहन, नगर पालिका परिषद, लोक निर्माण विभाग सहित कई अन्य विभागों की समिति गठित करते हुए निर्देश दिए कि समिति सामूहिक रूप से सर्वे करके रिपोर्ट दें कि किस प्रकार इस जाम की स्थिति से निपटा जा सकता है।
समिति की रिपोर्ट आने के बाद बैठक कर जाम की समस्या से निपटने के लिए रूप रेखा तय की जाएगी। इस प्रकार ई-रिक्शा से शहर में जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इसके लिए भी ठोस रणनीति तैयार की जाएगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर सुवेध मिलिंद जाधव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।