म्याऊं। कस्बे में बृहस्पतिवार की सुबह धान खरीदने मंडी जा रहे गल्ला व्यापारी के साथ मारपीट और लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। व्यापारी कृष्णपाल सिंह ने गांव मंशानगला निवासी एक युवक पर बाइक में टक्कर मारकर गिराने, मारपीट करने और सीने पर पिस्टल रखकर रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस के अनुसार दो बाइकों की टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इस दौरान बीच-बचाव करने वाले तीसरे व्यक्ति पर बाद में आरोप लगाए हैं।
थाने में दी तहरीर में कृष्णपाल सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे धान खरीदने मंडी जा रहे थे। इसी दौरान युवक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आरोप है कि इसके बाद हिमांशु ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। विरोध करने पर सीने पर पिस्टल रख दी और बैग छीनने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। व्यापारी का आरोप है कि आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
उधर, पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच की गई तो मामला दो बाइकों के बीच हुए हादसे के बाद कहासुनी का निकला। विवाद के दौरान एक तीसरे व्यक्ति ने बीच-बचाव किया था। बाद में उसी व्यक्ति पर आरोप लगाए गए हैं। सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर थाना पुलिस ने जांच की तो लूट की घटना संदिग्ध प्रतीत हुई। इसके बाद भी घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे की भी जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।