कछला घाट पर गमगीन बैठे बच्ची के परिजन। संवाद
कछला। उझानी कोतवाली क्षेत्र के कछला स्थित भागीरथ घाट पर रविवार दोपहर परिवार के साथ गंगा स्नान कर रही बच्ची डूब गई। गोताखोरों ने देर शाम तक गंगा में बच्ची को तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी पर एडीएम वित्त एवं राजस्व व एसडीएम सदर भी मौके पर पहुंच गए।
राजस्थान के धौलपुर जिले के गांव मनिया निवासी भूरे शर्मा रविवार को पत्नी उमा शर्मा, बहन व बच्चों के साथ कछला के भागीरथ घाट पर गंगा स्नान के लिए आए थे। वह मुख्य घाट से काफी दूर बाबा सुखराम दास के आश्रम पर ठहर गए।
आश्रम पर आराम करने के बाद दिन में वह बच्चों को लेकर स्नान करने गए। इसी दौरान उनकी बेटी परी शर्मा ( 9) स्नान करते हुए कुछ दूर गहरे पानी में जाकर डूबने लगी। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के आश्रमों से साधु-संत निकल आए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर चौकी इंचार्ज कपिल कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे। 12 गोताखोरों से बच्ची की तलाश शुरू कराई। देर शाम तक बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा। चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह फिर से गंगा में बच्ची की तलाश कराई जाएगी।